सरायकेला: सामाजिक संस्था जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओम प्रकाश ने शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से आगामी दुर्गा पूजा के दौरान आदित्यपुर-कांड्रा सड़क के प्रथम किलोमीटर में पान दुकान चौक के पास बने कट को पूर्व की तरह खुला रखने की मांग की गई है।


ओम प्रकाश ने बताया कि सड़क निर्माण के समय से ही पान दुकान चौक के पास कट नक्शे में स्वीकृत है और वहां सिग्नल भी लगा हुआ है। उनके अनुसार, पूजा के दौरान कट बंद किए जाने से वार्ड संख्या 18 और 19 के हजारों लोगों को पटेल चौक की ओर जाना पड़ता है, जिससे वहां यातायात का दबाव बढ़ जाता है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।
उन्होंने बताया कि पान दुकान चौक का कट वार्ड 18 और 19 के लोगों के साथ-साथ दोपहिया, चारपहिया वाहनों और पैदल राहगीरों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है। वहीं, वार्ड 17 की ओर जाने वाले कई वाहनों को भी पटेल चौक से यू-टर्न लेकर वापस लौटना पड़ता है।
ज्ञापन में मांग की गई कि जनहित में कट को यथावत रखा जाए और दुर्गा पूजा समेत अन्य अवसरों पर वहां ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए। उपायुक्त ने मामले पर सकारात्मक विचार करने और जनता की सुविधा को प्राथमिकता देने की बात कही। इस संबंध में सरायकेला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी ज्ञापन सौंपा गया है।

