सरायकेला में ADC ने ईचागढ़ अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया, राजस्व कार्यों में तेजी के निर्देश

Spread the love

सरायकेला: अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार ने शुक्रवार को ईचागढ़ अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति में राजस्व एवं भूमि संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वसूली, अभिलेखों के अद्यतन (रजिस्टर-2) और अधिग्रहित भूमि से जुड़े नामांतरण मामलों की प्रगति अत्यंत धीमी है, जिस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की।

अपर उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि राजस्व एवं भूमि अभिलेखों से जुड़े मामलों का समय पर निष्पादन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और विशेष अभियान चलाकर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही सभी बिंदुओं पर 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी कार्यों में 100 प्रतिशत पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता के कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी।

अपर उपायुक्त ने कहा कि नियमित समीक्षा और सतत निगरानी से राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से बचाकर उन्हें बेहतर और सुलभ सेवाएं प्रदान करना है।