सरायकेला: जमीन विवाद को लेकर फाड़ा गांव में तनाव, परिवारों को बंधक बनाने और धमकी देने का आरोप

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कोंद्रा थाना क्षेत्र की हुडू पंचायत अंतर्गत तुमसा स्कूल के ऊपर स्थित फाड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। एक पक्ष ने कुछ ग्रामीणों पर चार परिवारों के सदस्यों को कथित रूप से बंधक बनाने और जमीन अपने नाम करने के लिए दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़ित पक्ष के कार्तिक सरदार के अनुसार, उनके परिवार समेत तीन से अधिक परिवारों को कथित तौर पर गांव में रोककर रखा गया है। आरोप है कि जमीन ग्रामीणों के नाम नहीं करने पर परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

कार्तिक सरदार ने सुगी मुर्मू, अजीत सरदार, तरणी सरदार, जगन सरदार, शंकर मास्टर रोहिदास, छोटू मुर्मू, मदन मुर्मू, सोरेन हांब्राम, सदर मुर्मू समेत अन्य ग्रामीणों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

परिवार ने एक युवती को जबरन शादी के लिए मजबूर करने की योजना का भी आरोप लगाया। परिजनों के अनुसार, युवती को किसी तरह रात करीब एक बजे वहां से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कुछ पत्रकार, पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचने का प्रयास कर रहे थे। आरोप है कि उन्हें भी गांव में जाने से रोका गया। मामले की जानकारी सरायकेला एसपी को दी गई, जिसके बाद जिला पुलिस की टीम को मौके पर भेजा गया।

हालांकि, पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही स्पष्ट होगी।