सरायकेला: नशामुक्त समाज का संदेश लेकर निकली नशा मुक्ति कांवर यात्रा, बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

Spread the love

सरायकेला: धार्मिक आस्था के साथ नशामुक्त समाज का संदेश देने के उद्देश्य से रविवार को सरायकेला में नशा मुक्ति कांवर यात्रा निकाली गई। गायत्री परिवार ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान लोगों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया।

कांवर यात्रा की शुरुआत सुबह माजनाघाट स्थित पंचमुखी शिव मंदिर से हुई। यहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद सभी श्रद्धालु कांवर लेकर कुदरसाही के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान लोगों से नशीले पदार्थों और शराब से दूर रहने की अपील की गई।

श्रद्धालुओं ने “हम बदलेंगे, युग बदलेगा” का संदेश देते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।

यात्रा कुदरसाही स्थित प्रसिद्ध भगवान बुधेश्वर महाराज महादेव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। धार्मिक कार्यक्रम के साथ लोगों को नशामुक्त समाज बनाने का संदेश भी दिया गया।

यात्रा में शंभू अग्रवाल, त्रिलोचन, राजेश साहू, अरुण साहू समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।