सरायकेला: विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम, मानसिक स्वास्थ्य पर जोर

Spread the love

सरायकेला सदर अस्पताल में गुरुवार को विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने की। इस दौरान लोगों को मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक परेशानियों को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में इस वर्ष की थीम “Changing the Narrative on Suicide” और संदेश “Start the Conversation” के बारे में जानकारी दी गई।

सिविल सर्जन ने कहा कि मानसिक परेशानी के समय चुप रहने के बजाय बातचीत शुरू करना जरूरी है। उन्होंने तनाव, अवसाद और मानसिक परेशानी के शुरुआती संकेतों को समय पर पहचानने पर जोर दिया। विशेषज्ञों ने तनाव से निपटने के तरीकों की भी जानकारी दी। लोगों से परिवार, दोस्तों, शिक्षकों या स्वास्थ्यकर्मियों से अपनी परेशानी साझा करने की अपील की गई।

जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. नाकुल प्रसाद चौधरी ने बताया कि जिले में 10 से 30 सितंबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक सहयोग और चेतावनी संकेतों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाने की शपथ ली। मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 या 1800-891-4416 पर नि:शुल्क संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम में डॉ. शालिनी कुमारी, डॉ. अनिरबन महतो, डॉ. श्वेता कुमारी, DPA पुष्कर भूषण, अशोक यादव समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।