सरायकेला: अपराध नियंत्रण अभियान में 164 आरोपी गिरफ्तार, 15 हथियार और 812 जिंदा कारतूस बरामद

Spread the love

सरायकेला। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर विभिन्न आपराधिक मामलों में शामिल 164 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान अवैध हथियार और मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान में 15 हथियार और 812 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं लंबे समय से लंबित मामलों के निष्पादन के लिए 457 गैर-जमानती वारंट और 9 स्थायी वारंट का भी निष्पादन किया गया।

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान NDPS से जुड़े मामलों में 7.5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा 3.018 किलोग्राम अफीम और 26.45 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के जरिए नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसने का प्रयास किया गया है।

अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस ने गुमशुदगी और चोरी के मामलों में भी कार्रवाई की। विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए 75 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जबकि 62 लापता लोगों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

एसपी मनोज स्वर्गियारी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ आम लोगों की सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। पुलिस के अनुसार अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।