सिमडेगा: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग से जुड़े मामले में पुलिस ने एक 40 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग के प्रसव के बाद जन्मे मृत बच्चे को कथित तौर पर महिला ने अपने घर के आंगन में दफना दिया था। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने आंगन की खुदाई कर मृत नवजात को बरामद किया है। मौके से एक कुदाल भी बरामद हुई है।


SDPO धर्मदेव पासवान के अनुसार, मामले की जानकारी 22 अगस्त को मिली थी। इसी दिन नाबालिग की मां ने सदर अस्पताल में पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया था। आरोप है कि नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी महिला ने उसे कथित तौर पर गर्भपात के लिए जड़ी-बूटी दी और मामले की जानकारी किसी को नहीं देने को कहा।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने करीब छह माह के मृत बच्चे को जन्म दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी महिला ने बच्चे को अपने साथ ले जाकर घर के आंगन में दफना दिया। बाद में नाबालिग की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 21/26 दर्ज कर BNS और POCSO Act की संबंधित धाराओं में जांच की जा रही है। आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

