जमशेदपुर: टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की मेडिकल सपोर्ट स्कीम कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के इलाज में होने वाले भारी खर्च को देखते हुए प्राप्त चिकित्सा सहायता आवेदनों की समीक्षा की गई। बैठक में पिछले चार महीनों के दौरान प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पात्र कर्मचारियों को आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया।


यूनियन के अनुसार, अप्रैल से जुलाई के बीच कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए थे। दस्तावेजों और निर्धारित मानकों की जांच के बाद 34 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई। समिति ने इन पात्र कर्मचारियों के बीच कुल 41 लाख 29 हजार रुपये की चिकित्सा सहायता राशि वितरित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया।
स्वीकृत लाभार्थियों में परीतोष मंडल, छोटू सामद, दिवाकर शर्मा, अर्चना मल्ल, संजीव कुमार, ओंकार सिंह, अनिल महतो, श्यामल कुमार दास, अमित कुमार, राजेश कुमार और पंकज गोप सहित कुल 34 कर्मचारी शामिल हैं। यूनियन ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य गंभीर बीमारी के इलाज के दौरान आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे कर्मचारियों और उनके परिवारों को समय पर राहत उपलब्ध कराना है। बैठक में डॉ. एस. एल. श्रीवास्तव, अनिल शर्मा, एच. एस. सैनी, पी. के. दास, अजय भगत और अमित कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

