जमशेदपुर: टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए गेटपास से जुड़ी प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 1 सितंबर 2026 से Jamshedpur Works, Non-Works और Tubes Division में गेटपास की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी जाएगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद कर्मचारियों को गेटपास के लिए पेपर आवेदन, गेटपास बुक या बॉक्स का इस्तेमाल नहीं करना होगा।


कर्मचारी मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए कहीं से भी गेटपास के लिए आवेदन कर सकेंगे।
ई-मेल और SMS से मिलेगा अपडेट
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद संबंधित अधिकारी को इसकी जानकारी ई-मेल के माध्यम से मिलेगी। वहीं कर्मचारी को आवेदन की स्थिति, स्वीकृति या अस्वीकृति की जानकारी SMS और ई-मेल से दी जाएगी।
स्वीकृत गेटपास को निर्धारित बाहर जाने के समय से पहले कैंसिल करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
15 मिनट पहले करना होगा आवेदन
कर्मचारी को निर्धारित बाहर निकलने के समय से कम से कम 15 मिनट पहले गेटपास के लिए आवेदन करना होगा। गेटपास की अवधि 15-15 मिनट के अंतराल में दर्ज की जा सकेगी। एक ही दिन अलग-अलग समय पर बाहर जाने की जरूरत होने पर अलग-अलग गेटपास के लिए आवेदन किया जा सकता है।
कंपनी के इंट्रानेट से होगा आवेदन
गेटपास के लिए कर्मचारी को कंपनी के इंट्रानेट में General Services → Services & Systems → Employees Self Help → Time & Attendance System पर जाकर Gate Pass विकल्प चुनना होगा।
इसके बाद कर्मचारी को तारीख, गेटपास का प्रकार, refundable या non-refundable विकल्प और बाहर रहने की अवधि दर्ज करनी होगी।
Punch Out और Punch In होगा अनिवार्य
गेटपास लेकर कंपनी परिसर से बाहर जाते समय Punch Out और वापस आने पर Punch In करना अनिवार्य होगा। इनमें से कोई एक पंच नहीं होने पर संबंधित अवधि को छुट्टी के रूप में समायोजित किया जा सकता है।
बिना स्वीकृति के कंपनी परिसर से बाहर जाना अनुशासनहीनता माना जाएगा।
करीब 10 हजार कर्मचारियों को होगा लाभ
टाटा स्टील में अलग-अलग शिफ्ट में करीब 10 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें कई कर्मचारियों को आवश्यक काम के लिए ड्यूटी के दौरान कंपनी परिसर से बाहर जाना पड़ता है।
डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद गेटपास के आवेदन, स्वीकृति और कर्मचारी के आने-जाने का रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज होगा। इससे कागजी कार्रवाई कम होने के साथ-साथ मानवीय गलतियों में भी कमी आने की उम्मीद है।

