चांडिल: चांडिल थाना क्षेत्र के रुचाप गांव में 10 जून को दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। घटना के दौरान एक नाबालिग के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है, वहीं जांच के लिए पहुंचे एक पुलिस कर्मी के कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।


जानकारी के अनुसार, सड़क पर दो युवकों के बीच झगड़े के दौरान 16 वर्षीय नाबालिग घर लौट रहा था और रास्ता विवाद के कारण रुक गया। आरोप है कि झगड़े में शामिल कुछ लोगों ने नाबालिग के साथ धक्का-मुक्की की। घटना की सूचना मिलने पर उसकी मां मौके पर पहुंची और बेटे को घर ले गई। बाद में इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गांव पहुंची, जहां कथित रूप से पुलिस कर्मी और एक महिला के बीच विवाद का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस निरीक्षक के अनुसार, मौके पर पहुंचा पुलिस कर्मी यमुना राम जांच कर रहा था। आरोप है कि इस दौरान एक महिला पर ईंट से हमला हुआ, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस कर्मी पर अभद्र भाषा और अनुचित व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

