सरायकेला में साप्ताहिक जनता दरबार, डीसी ने सुनी लोगों की समस्याएं

Spread the love

सरायकेला: उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे।

जनता दरबार में उपायुक्त ने एक-एक कर सभी आवेदकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया, जबकि अन्य मामलों को समयबद्ध निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

जनता दरबार में सेवक चयन से जुड़े विवाद, अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति की मांग और निर्धारित से कम मजदूरी भुगतान की शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। वहीं आदित्यपुर प्रखंड से आए एक मामले में पिता द्वारा भूमि बिक्री के बाद पुत्र द्वारा जबरन कब्जा और राशि की मांग का आरोप लगाया गया।

इसके अलावा अतिक्रमण हटाने, पेयजल आपूर्ति सुधार, पीसीसी सड़क निर्माण, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है और प्रशासन समयबद्ध व पारदर्शी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।