गिरिडीह। शहर के हट्टी बाजार स्थित शहीद सीताराम उपाध्याय चिल्ड्रेन पार्क में उस समय हड़कंप मच गया, जब तालाब में बड़ी संख्या में मछलियां मृत अवस्था में पाई गईं। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने तालाब में जहर डाल दिया, जिससे करीब तीन क्विंटल मछलियों की मौत हो गई। बुधवार सुबह पानी की सतह पर बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां तैरती देख स्थानीय लोग हैरान रह गए।


जानकारी के अनुसार, मत्स्य विभाग द्वारा मार्च 2025 में इस तालाब में मत्स्य पालन के लिए निविदा जारी की गई थी। इसके बाद स्थानीय युवक संदीप मल्हा ने इसे अपनी आजीविका का साधन बनाते हुए पूरी मेहनत और लगन से मछली पालन शुरू किया था। लेकिन बुधवार सुबह तालाब पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है और पूरा तालाब मृत मछलियों से भरा पड़ा है।
पीड़ित संदीप मल्हा ने आरोप लगाया है कि यह एक सुनियोजित साजिश का परिणाम है। उनका कहना है कि किसी ने तालाब में जहर डालकर उनकी मेहनत को बर्बाद कर दिया। इस घटना से उन्हें लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे उनके परिवार की आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय नागरिकों ने इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। लोगों ने दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

