गढ़वा: बारिश शुरू होने से पहले ही गढ़वा जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। पिछले दो दिनों में दो अलग-अलग घटनाओं में नदी और तालाब में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। दोनों हादसों के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया।


झरने में पिकनिक के दौरान युवक की मौत
पहली घटना धुरकी थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध सुकलदरी जलप्रपात की है, जहां घूमने और नहाने आए एक युवक की गहरे पानी के भंवर में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि वह अपने दोस्तों के साथ पिकनिक पर आया था, तभी वह पानी के तेज बहाव में बह गया और आंखों से ओझल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन गहरे पानी के कारण शव को निकालने में करीब 18–20 घंटे लग गए। शव मिलने के बाद परिजनों के चीख-पुकार से पूरा इलाका गमगीन हो गया।
तालाब में 10 वर्षीय बच्चे की मौत
दूसरी घटना मेराल थाना क्षेत्र के हसांदाग गांव की है, जहां 10 वर्षीय सुजीत चौधरी अपने दोस्तों के साथ गांव के साधवा आहर तालाब में नहाने गया था। खेलते-खेलते सभी बच्चे गहरे पानी की ओर चले गए, जहां सुजीत डूब गया।
अन्य बच्चों ने बाहर आकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पूरे इलाके में शोक का माहौल
दोनों घटनाओं के बाद संबंधित गांवों में मातम छा गया है। लोगों का कहना है कि जल स्रोतों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता की कमी के कारण ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। ये घटनाएं एक बार फिर चेतावनी देती हैं कि जरा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

