आदित्यपुर थाना क्षेत्र के चुना भट्ठा के पास सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आदित्यपुर-2 रायडीह बस्ती निवासी कन्हैया दास के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और वे दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई एवं उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।


जानकारी के अनुसार, कन्हैया दास स्कूटी से दवा लेने के लिए निकले थे। इसी दौरान चुना भट्ठा के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर (संख्या JH05BG3553) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मंगलवार को मृतक के परिजन आदित्यपुर थाना पहुंचे और प्रशासन से न्याय की मांग की। परिजनों का कहना है कि दोषी ट्रैक्टर चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन तत्काल कार्रवाई नहीं करता और मुआवजे की व्यवस्था नहीं की जाती, तो वे शव को मुख्य सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इसके लिए प्रशासन को दो घंटे का अल्टीमेटम भी दिया गया है।
स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि हादसे के समय वाहन में मौजूद एक मजदूर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, लेकिन अब तक ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने क्षेत्र में भारी वाहनों की लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी को लगातार बढ़ते सड़क हादसों का कारण बताया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर तथा उसके चालक की तलाश जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

