वायुसेना अधिकारी समेत चार पर प्रताड़ना और जमीन हड़पने का आरोप, रातू थाना में FIR दर्ज

Spread the love

रांची: राजधानी के रातू थाना क्षेत्र में एक वायुसेना अधिकारी और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ गंभीर आरोपों को लेकर मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी की पत्नी डॉ. अमितु सिंह ने मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना के साथ-साथ जमीन हड़पने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

डॉ. अमितु सिंह की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में वायुसेना अधिकारी अभिनव सिंह समेत चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। शिकायत में मारपीट, धमकी देने, जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाने और विवाह के दौरान मिले सामान वापस नहीं करने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2024 में अपने पिता की आर्थिक मदद से रातू क्षेत्र में जमीन खरीदी थी। बाद में ससुराल पक्ष ने उक्त जमीन को अपने नाम कराने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि विवाह के समय मिले गहने और अन्य सामान अब तक वापस नहीं किए गए हैं। डॉ. अमितु सिंह ने अपने पति पर प्रभाव का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

इसके अलावा, शिकायत में करीब 17 लाख रुपये के लेनदेन से जुड़े विवाद का भी उल्लेख किया गया है। रातू थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी आरोपों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।