कोलकाता : हुगली जिले के बालागढ़ में केंद्र सरकार की बड़ी योजना के तहत एक नया पोर्ट और जलमार्ग आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य नदी मार्गों के जरिए माल ढुलाई को बढ़ावा देना और क्षेत्र की लॉजिस्टिक क्षमता को मजबूत करना है। इसके तहत कोयला और कंटेनर हैंडलिंग के लिए आधुनिक बर्थ तैयार किए जा रहे हैं, जिससे भारी माल की ढुलाई को और आसान बनाया जा सकेगा।


जानकारी के अनुसार, इस प्रोजेक्ट के तहत बालागढ़ को एक आधुनिक कार्गो टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसकी क्षमता करीब 2.7 मिलियन टन सालाना होगी। परियोजना में दो अलग-अलग जेटी शामिल हैं—एक कंटेनर कार्गो के लिए और दूसरी ड्राई बल्क कार्गो के लिए। इससे कोलकाता डॉक सिस्टम पर दबाव कम करने और सड़क यातायात को राहत देने में मदद मिलेगी।
बताया जा रहा है कि इस योजना से राष्ट्रीय जलमार्ग-1 के जरिए पूर्वी भारत में व्यापार और परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही आसपास के उद्योगों, किसानों और छोटे व्यापारियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी और लागत में कमी का लाभ मिलने की उम्मीद है.

