देवघर पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का किया भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर मोहनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड और विभिन्न बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारठ थाना क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय कलीमुद्दीन अंसारी, 30 वर्षीय समीर अंसारी, 21 वर्षीय वसीम अंसारी और एक अन्य आरोपी के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ देवघर साइबर थाना में कांड संख्या 04/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को Flipkart, Amazon, Google Pay, PhonePe और Paytm का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करते थे। इसके अलावा, APK फाइल भेजकर मोबाइल हैक करने और फर्जी Airtel Payment Bank खाते खुलवाकर लोगों के बैंक खातों से अवैध निकासी करने का आरोप भी सामने आया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से बरामद मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक सह साइबर थाना प्रभारी सहदेव कुमार साह के नेतृत्व में की गई। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।