देवघर में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का भंडाफोड़, छह आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

देवघर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जसीडीह थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में संलिप्त छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 76.19 ग्राम ब्राउन शुगर, 63 हजार रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि जसीडीह थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन के समीप रूधिया धर्मशाला के पीछे खुले मैदान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने गुल मोहम्मद उर्फ चाचा, रवि झा, बबलू चौधरी, अजय कुमार महथा, खुशबू देवी और इस्माइल अंसारी उर्फ राजू खान को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से मादक पदार्थ समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गुल मोहम्मद और इस्माइल अंसारी रेल मार्ग सहित अन्य माध्यमों से ब्राउन शुगर लाकर देवघर के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करते थे। इस मामले में जसीडीह थाना कांड संख्या 198/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी गुल मोहम्मद के खिलाफ पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।