हजारीबाग में नेक्सा शोरूम के पास भीषण सड़क हादसा, स्कूटर सवार युवक की मौत

Spread the love

हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। नेक्सा शोरूम के समीप स्कूटर और एक भारी वाहन के बीच हुई जोरदार टक्कर में स्कूटर सवार 23 वर्षीय युवक अश्विनी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और शोक का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सदर प्रखंड के बभनवाई गांव निवासी अश्विनी कुमार के रूप में हुई है। वह अनिल साहू के पुत्र थे। बताया जा रहा है कि अश्विनी किसी काम से स्कूटर से निकले थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।

अश्विनी कुमार की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की है।