नई दिल्ली :प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक अमेरिकी NGO से जुड़े कथित सीमा-पार फंडिंग नेटवर्क की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आने का दावा किया है। जांच के दौरान पता चला कि एक ही नाम पर 23 डेबिट कार्ड जारी किए गए थे और इनके जरिए देश में करीब ₹95 करोड़ की राशि पहुंचाई गई। एजेंसी इस पूरे नेटवर्क की वित्तीय गतिविधियों और फंड के उपयोग की जांच कर रही है।


जांच में सामने आया है कि विदेशी बैंक से जुड़े डेबिट कार्ड भारत लाकर विभिन्न राज्यों के एटीएम से नकदी निकाली जाती थी। ED के अनुसार, नवंबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच इस तरीके से लगभग ₹95 करोड़ देश में पहुंचाए गए। मामले में एक व्यक्ति को बेंगलुरु हवाई अड्डे पर 24 विदेशी डेबिट कार्ड के साथ पकड़ा गया था, जिसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया।
एजेंसी का दावा है कि देशभर में बड़ी संख्या में ऐसे कार्ड इस्तेमाल किए गए और कुछ संदिग्ध लेनदेन नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से भी जुड़े मिले हैं। इस मामले में अमेरिकी संगठन और कई अन्य लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है, जबकि पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

