सिंहभूम चैम्बर प्रतिनिधिमंडल ने टाटा टेक्नीकल इंस्टीच्यूट का किया भ्रमण, उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास पर दिया जोर

Spread the love

Jamshedpur News: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा संचालित टाटा टेक्नीकल इंस्टीच्यूट (TTI) का भ्रमण कर संस्थान में संचालित तकनीकी एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अवलोकन किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।

चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि टाटा टेक्नीकल इंस्टीच्यूट प्रबंधन के आमंत्रण पर प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान का दौरा किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने देखा कि संस्थान में छात्रों को इलेक्ट्रिकल पैनलिंग, सीएनसी मशीन संचालन, रोबोटिक्स सहित विभिन्न आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योगों की मांग के अनुरूप कुशल तकनीशियन के रूप में तैयार किया जा रहा है।

मानव केडिया ने कहा कि यदि इस प्रकार के आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान झारखंड के अन्य जिलों में भी स्थापित किए जाएं तो उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होगा, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि सिंहभूम चैम्बर भविष्य में टाटा टेक्नीकल इंस्टीच्यूट के साथ सहयोगी की भूमिका निभाने के लिए इच्छुक है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को उद्योग आधारित तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके और उन्हें स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हों।

संस्थान प्रबंधन ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को देश-विदेश की प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनियों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। साथ ही यह आश्वासन भी दिया गया कि संस्थान द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी समय-समय पर सिंहभूम चैम्बर को उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उद्योग अपनी आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षित युवाओं का चयन कर सकें।

भ्रमण के दौरान चैम्बर के मानद महासचिव पुनीत कावंटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। वहीं टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से हेड-स्किल डेवलपमेंट कैप्टन अमिताभ, लीड-डिसएबिलिटी कुमार गौरव तथा मैनेजर-स्किल डेवलपमेंट शिप्रा पाल सिंह ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।