Saraikela News: किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरायकेला जिला प्रशासन द्वारा शनिवार को आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में ‘उली बगइचा परब’ (आम महोत्सव) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिंहभूम सांसद जोबा मांझी और सरायकेला की उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हसदा ने भाग लेकर किसानों का उत्साहवर्धन किया।


कार्यक्रम के दौरान सांसद जोबा मांझी ने जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन किसानों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचने का यह सकारात्मक परिणाम है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से आम उत्पादक किसानों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का सीधा अवसर मिला है।
डीडीसी रीना हसदा ने बताया कि मनरेगा के अंतर्गत संचालित ‘बिरसा हरित ग्राम योजना’ के माध्यम से जिले में बड़े पैमाने पर आम बागवानी को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में लगभग 6,000 किसान इस योजना से जुड़े हुए हैं और आम्रपाली, मालदा तथा मल्लिका जैसी विभिन्न किस्मों के आमों का उत्पादन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘उली बगइचा परब’ का मुख्य उद्देश्य किसानों को सीधे ग्राहकों और संभावित खरीदारों से जोड़ना है, ताकि उन्हें अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य मिल सके। उन्होंने बताया कि किसानों द्वारा उत्पादित आम प्राकृतिक तरीके से तैयार किए गए हैं, जिनमें रासायनिक उर्वरकों, कीटनाशकों और कार्बाइड का न्यूनतम उपयोग किया गया है। यही कारण है कि ये आम स्वादिष्ट होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी हैं।
डीडीसी ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को खेती की शुरुआत से लेकर उत्पादन, विपणन और बाजार उपलब्ध कराने तक हर स्तर पर सहयोग कर रहा है। ऐसे आयोजनों से किसानों को अपनी उपज के लिए नए बाजार मिलेंगे और उनकी आय में वृद्धि होगी।

