भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर आदित्यपुर में फूटा आक्रोश, बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ पुतला दहन

Spread the love

Saraikela News: बिहार के आरा में चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर रविवार को आदित्यपुर में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के बैनर तले विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ पुतला दहन कर मामले की निष्पक्ष एवं न्यायिक जांच की मांग उठाई।

बिरेंद्र तिवारी की अध्यक्षता और कांग्रेस नेता अंबुज कुमार के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने “भरत तिवारी अमर रहे”, “बिहार पुलिस प्रशासन हाय-हाय” और “न्याय दो-न्याय दो” जैसे नारे लगाते हुए घटना के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि किसी भी मामले में न्यायिक प्रक्रिया और निष्पक्ष जांच लोकतंत्र की मूल भावना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था के नाम पर एनकाउंटर और बुलडोजर जैसी कार्रवाइयों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

वक्ताओं ने कहा कि हर व्यक्ति को कानून के तहत अपना पक्ष रखने का अधिकार है और किसी भी घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच आवश्यक है। उन्होंने बिहार सरकार से पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने तथा दोषियों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में आनंद बिहारी दुबे, अजय ओझा, रमाशंकर पांडेय, अभय झा, चंदू मिश्रा, कुणाल राय, मन्नू तिवारी, अरुण पांडेय, शंकर दयाल मिश्रा, रविशंकर मिश्रा, सुरेश झा, विनय झा, कमल तिवारी, मिथिलेश सिन्हा, शिवम कुमार, रवि कुमार, हरिकृष्ण दुबे, आनंदी ओझा, बिमलेश उपाध्याय, संजय त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।