मीरूडीह में पुलिस का जागरूकता अभियान, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और सामाजिक मुद्दों पर दी जानकारी

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार रविवार को आर.आई.टी. थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरूडीह मैदान में जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों को विभिन्न सामाजिक, कानूनी एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने नशा मुक्ति, डायन प्रथा रोकथाम अधिनियम, महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट (POCSO), बाल विवाह निषेध, महिला सुरक्षा तथा महिलाओं के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों एवं अधिकारों के संबंध में लोगों को जागरूक किया।

इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन सेवा डायल-112 तथा साइबर फ्रॉड टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी साझा की गई। लोगों से अपील की गई कि किसी भी आपात स्थिति, साइबर अपराध या बच्चों से संबंधित समस्या होने पर इन हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें।

पुलिस ने बच्चा चोरी की अफवाहों से सतर्क रहने तथा किसी भी अपुष्ट सूचना को बिना सत्यापन के साझा नहीं करने की सलाह दी। अधिकारियों ने बताया कि अफवाह फैलाने से सामाजिक तनाव बढ़ सकता है और ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना, अपराधों की रोकथाम करना तथा लोगों को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी देना है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।