जमशेदपुर: मानवता, सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रयत्न संस्था ने अपने साप्ताहिक भोजन वितरण अभियान के तहत रविवार को एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान बिष्टुपुर स्थित रोटरी शेल्टर होम में रह रहे कैंसर पीड़ित मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच निःशुल्क भोजन का वितरण किया गया।


संस्था का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों को यह एहसास दिलाना भी था कि समाज उनके साथ खड़ा है। कार्यक्रम के दौरान मरीजों और उनके परिजनों को सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराया गया, जिससे उनके चेहरों पर संतोष और खुशी देखने को मिली।
इस अवसर पर संस्था की ओर से समर झा ने कहा कि अस्पतालों में इलाज करा रहे कई मरीज और उनके परिजन दूर-दराज के क्षेत्रों से आते हैं। ऐसे में उन्हें समय पर भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रयत्न संस्था का यह छोटा-सा प्रयास उनके संघर्ष को थोड़ा आसान बनाने और उनके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा भरने की दिशा में एक कदम है।
उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा यह सेवा कार्यक्रम प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से संचालित किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को लगातार सहयोग मिल सके।
इस सेवा अभियान को सफल बनाने में जुगुन पांडे, अंकित सिंह, दुर्गेश शर्मा, रौशन कुमार, राहुल कुमार, मधुरेश, आकाश, शिबू, रवि, हर्ष, अबिनीत, मनीष सहित संस्था के कई सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी सदस्यों ने सेवा भाव के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
कार्यक्रम के अंत में मरीजों एवं उनके परिजनों ने प्रयत्न संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

