जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) इला कुमार के मार्गदर्शन में बिष्टुपुर परिसर स्थित इंडोर स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत योग विभाग की छात्राओं द्वारा अतिथियों एवं अधिकारियों के चंदन तिलक से स्वागत के साथ हुई। इसके बाद वाणिज्य संकाय अध्यक्ष डॉ. दीपा शरण, कुलसचिव (शैक्षणिक) डॉ. अन्नपूर्णा झा, कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर, पूर्व कुलसचिव राजेन्द्र जायसवाल, खेल एवं संस्कृति विभागाध्यक्ष डॉ. सनातन दीप, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. रत्ना मित्रा, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. माधुरी प्रियदर्शिनी, योगाचार्य डॉ. रवि शंकर नेवार एवं शाश्वती मैती द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

अपने स्वागत संबोधन में डॉ. दीपा शरण ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। वहीं डॉ. अन्नपूर्णा झा ने विद्यार्थियों को योग को दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य प्राप्त किया जा सकता है और व्यक्तित्व का समग्र विकास संभव है।

कार्यक्रम के दौरान योग विभाग की छात्राओं ने आकर्षक योग नृत्य की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट योग प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों में बरनाली पात्रा, गैर-शैक्षणिक स्टाफ में श्री सौरीश कुंडू तथा शैक्षणिक स्टाफ में डॉ. अन्नपूर्णा झा को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

योग विभाग की योगाचार्य शाश्वती मैती ने योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रवि शंकर नेवार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन खेल एवं संस्कृति विभागाध्यक्ष डॉ. सनातन दीप ने किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में योग विभाग के सर्टिफिकेट कोर्स, एमए योग द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की छात्राओं के साथ-साथ एनसीसी एवं एनएसएस की छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।