सड़क हादसे में नर्सिंग स्टाफ की मौत, दूसरा बाइक चालक मौके से फरार

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग पर स्थित मर्सिडीज शोरूम के समीप रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक नर्सिंग स्टाफ की मौत हो गई। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा बाइक चालक अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान ओडिशा के नयागढ़ जिले के जमुसाही थाना क्षेत्र अंतर्गत कीता गाड़िया गांव निवासी 25 वर्षीय देवाशीष साहू के रूप में हुई है। वह नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवाशीष साहू अपनी बाइक से आदित्यपुर से आरआईटी मोड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मर्सिडीज शोरूम के पास सामने से आ रही एक यामाहा मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि देवाशीष की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार युवक अपनी बाइक घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फरार बाइक चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और वे ओडिशा से आदित्यपुर पहुंच रहे हैं।

देवाशीष साहू के असामयिक निधन की खबर से नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के कर्मचारियों, सहकर्मियों और छात्र-छात्राओं के बीच शोक की लहर है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।