नेतरहाट बना झारखंड का नया टूरिज्म हॉटस्पॉट, 15 करोड़ रुपये से बनेगा हाईटेक प्री-फैब रिसॉर्ट

Spread the love

महुआडांड़: कोरोना महामारी के बाद झारखंड का प्रसिद्ध हिल स्टेशन नेतरहाट पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से उभरकर सामने आया है। पिछले एक वर्ष में यहां एक लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे हैं, जो कोरोना से पहले की तुलना में लगभग पांच गुना अधिक है। लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए राज्य सरकार ने नेतरहाट में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करने का निर्णय लिया है।

पर्यटन विभाग ने झारखंड पर्यटन विकास निगम के प्रभात विहार परिसर में लगभग 14.95 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक प्री-फैब्रिकेटेड (प्री-फैब) कॉटेज रिसॉर्ट बनाने की मंजूरी दी है। परियोजना की डीपीआर तैयार कर पर्यटन विभाग को भेज दी गई है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

वर्तमान में प्रभात विहार में केवल 24 और पर्यटन विहार में 32 कमरे उपलब्ध हैं। दिसंबर और जनवरी के पर्यटन सीजन में सभी कमरे पहले से बुक हो जाते हैं, जिससे बड़ी संख्या में पर्यटकों को बिना रुके वापस लौटना पड़ता है।

नई प्री-फैब तकनीक से बनने वाला रिसॉर्ट पर्यावरण के अनुकूल होगा। इस तकनीक में भवन के अधिकांश हिस्से फैक्ट्री में तैयार किए जाते हैं और बाद में स्थल पर जोड़कर निर्माण पूरा किया जाता है। इससे पहाड़ों और हरियाली को नुकसान नहीं पहुंचेगा तथा निर्माण कार्य भी छह से आठ महीने में पूरा किया जा सकेगा।

सरकार का मानना है कि इस परियोजना से नेतरहाट में पर्यटकों के ठहरने की अवधि बढ़ेगी, स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और होटल, टैक्सी, गाइड, हस्तशिल्प तथा स्थानीय व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन विभाग ने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेषज्ञ संस्थाओं से तकनीकी जांच भी कराई जाएगी।