टाटा स्टील आवंटित क्वार्टर में घुसकर तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी का आरोप, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची स्थित कुलसी रोड निवासी चंदन कुमार ने टाटा स्टील द्वारा आवंटित अपने क्वार्टर में घुसकर तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

शिकायत में चंदन कुमार ने बताया कि उन्हें टाटा स्टील की ओर से साकची स्टाफ कुलसी रोड स्थित एक क्वार्टर आवंटित किया गया है। उनका आरोप है कि कुछ दिन पहले शिबू नामक व्यक्ति उनके घर पहुंचा और यह कहते हुए मकान खाली करने की धमकी दी कि यह क्वार्टर विवादित है। इसके बाद उन्होंने टाटा स्टील के एस्टेट विभाग से जानकारी ली, जहां उन्हें बताया गया कि संबंधित क्वार्टर विधिवत आवंटित है और उस पर किसी प्रकार का विवाद दर्ज नहीं है। इसके बाद उन्होंने घर की मरम्मत का कार्य शुरू कराया।

पीड़ित के अनुसार, बुधवार सुबह कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि हमलावर चापड़ और भुजाली जैसे धारदार हथियारों से लैस थे। घटना के समय चंदन कुमार और उनका परिवार घर पर मौजूद नहीं था। उनका कहना है कि यदि परिवार के सदस्य उस समय घर में होते तो कोई गंभीर अप्रिय घटना हो सकती थी।

चंदन कुमार ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।