डीसी राजीव रंजन के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को भेजे जा रहे फ्रेंड रिक्वेस्ट, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी राजीव रंजन के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने आम नागरिकों को सतर्क रहने की अपील करते हुए फर्जी आईडी से आने वाले फ्रेंड रिक्वेस्ट और संदेशों से सावधान रहने को कहा है।

जिला प्रशासन के अनुसार, “Dc Rajiv Ranjan” नाम से एक फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है। इसके माध्यम से विभिन्न प्रकार के संदेश भी भेजे जा रहे हैं, जिससे साइबर ठगी की आशंका जताई जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त राजीव रंजन किसी भी व्यक्तिगत फेसबुक आईडी के माध्यम से नागरिकों को फ्रेंड रिक्वेस्ट नहीं भेजते हैं। साथ ही, वे सोशल मीडिया के जरिए किसी से आर्थिक सहायता, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी भी नहीं मांगते हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें उक्त फर्जी फेसबुक आईडी से कोई फ्रेंड रिक्वेस्ट, कॉल या संदेश प्राप्त होता है, तो उस पर विश्वास न करें और अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। ऐसे प्रोफाइल को तुरंत रिपोर्ट करें और यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की आशंका हो तो इसकी सूचना निकटतम थाना या साइबर थाना को दें।

जिला प्रशासन ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा लोगों से सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल के झांसे में न आने की अपील की है।