सरायकेला एसपी से मिले जेएमएम नेता प्रो. कालीपद सोरेन, रथ यात्रा सुरक्षा और सड़क हादसों पर हुई चर्चा

Spread the love

सरायकेला: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता एवं प्राध्यापक प्रो. कालीपद सोरेन ने बुधवार को सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज परवागिरी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।

मुलाकात के दौरान प्रो. सोरेन ने आगामी रथ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

प्रो. सोरेन ने जिले, विशेषकर राजनगर क्षेत्र में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने जैसे उपायों पर विशेष ध्यान देने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुरक्षा के लिए पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। एक जागरूक नागरिक के रूप में उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

पुलिस अधीक्षक मनोज परवागिरी ने प्रो. कालीपद सोरेन द्वारा उठाए गए सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आम जनता के सहयोग से पुलिस बेहतर और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।