स्रीनिवास कुमार की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का पलटवार, कानून को राजनीतिक रंग न देने की नसीहत

Spread the love

रांची: भाजपा युवा मोर्चा के नेता श्रीनिवास कुमार की गिरफ्तारी को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश सचिव सह प्रवक्ता ऋषिकेश सिंह ने कहा कि भाजपा कानूनी कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

ऋषिकेश सिंह ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी उसकी राजनीतिक विचारधारा या दल के आधार पर नहीं, बल्कि दर्ज प्राथमिकी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होती है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि क्या वह न्यायालय में कथित रूप से फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने और सरकारी अधिकारी के हस्ताक्षर के दुरुपयोग जैसे आरोपों का भी समर्थन कर रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि उपलब्ध तथ्यों के अनुसार न्यायालय में प्रस्तुत दस्तावेज को संबंधित सरकारी विभाग ने फर्जी बताया है। इसके बाद सरकारी अधिकारी के हस्ताक्षर और अभिलेखों के कथित दुरुपयोग के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने कानून के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को लगता है कि संबंधित दस्तावेज वास्तविक है तो वह इसका प्रमाण न्यायालय में प्रस्तुत करे। प्रेस बयान जारी कर जांच को प्रभावित करने या जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास उचित नहीं है।

कांग्रेस ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करना, उनका उपयोग करना और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। कानून सभी पर समान रूप से लागू होता है। पार्टी ने भाजपा से न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करने और मामले का राजनीतिकरण नहीं करने की अपील की।