अखिलेश सिंह से जुड़े कथित आर्थिक नेटवर्क पर ED की बड़ी कार्रवाई, ₹150 करोड़ हवाला जांच में हरियाणा के बीयर प्लांट पर छापा

Spread the love

जमशेदपुर, 5 अगस्त: शहर के कुख्यात अपराधी अखिलेश सिंह से जुड़े कथित आर्थिक नेटवर्क की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कार्रवाई तेज कर दी है। एजेंसी ने हरियाणा के रोहतक स्थित विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड के बीयर फैक्ट्री बॉटलिंग एवं पैकेजिंग प्लांट पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई करीब 150 करोड़ रुपये के कथित हवाला लेन-देन की जांच के सिलसिले में की गई है।

सूत्रों के अनुसार, ED ने पहले ही ECIR/RNZDO/07/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। अब रोहतक प्लांट से वित्तीय दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। एजेंसी को आशंका है कि संदिग्ध आर्थिक लेन-देन और हवाला नेटवर्क के तार इस प्लांट से जुड़े हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि प्लांट का संचालन अशोक सिंह राघव द्वारा किया जाता है।

जांच का दायरा हरियाणा से आगे बढ़कर पंजाब के लुधियाना और छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर तक पहुंच चुका है। ED संबंधित कंपनियों के वित्तीय रिकॉर्ड और बैंक खातों की भी गहन जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, विक्रम शर्मा हत्याकांड के बाद यह इस मामले में ED की पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। हालांकि, एजेंसी ने फिलहाल इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच जारी है।