जमशेदपुर, 5 अगस्त: भुइयांडीह स्थित कल्याणनगर एवं इंद्रानगर बस्ती में प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर स्थानीय विधायक पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विधानसभा कक्ष में मुलाकात की। उन्होंने बरसात के मौसम में गरीब परिवारों को बेघर करने की कार्रवाई तत्काल स्थगित करने और सभी प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास की मांग उठाई।


विधायक ने मुख्यमंत्री को बस्तीवासियों की समस्याओं और संभावित विस्थापन से उत्पन्न कठिनाइयों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन से विस्तृत प्रतिवेदन मंगाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा विधायक ने राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से भी मुलाकात कर मामले में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
पूर्णिमा साहू ने कहा कि प्रभावित परिवारों का सर्वे कर प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं के माध्यम से पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना है कि जब तक सभी परिवारों के पुनर्वास की समुचित व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई स्थगित रखी जानी चाहिए।
विधायक ने बताया कि 29 जुलाई से वह लगातार प्रशासनिक और कानूनी स्तर पर प्रयास कर रही हैं। 4 अगस्त को डीसी कोर्ट में अपील भी दायर की गई है। आवश्यकता पड़ने पर उच्च न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।

