आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में फैली गंदगी और जगह-जगह लगे कचरे के ढेर से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार बारिश के बीच समय पर सफाई नहीं होने के कारण कई इलाकों में हालात गंभीर हो गए हैं। सड़कों पर जलजमाव और सड़ते कचरे के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय डॉक्टरों और क्लीनिकों में तेज बुखार के मरीजों की संख्या भी बढ़ने की बात सामने आ रही है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर निगम के कई वार्डों में पिछले चार से पांच दिनों से कचरा नहीं उठाया गया है। बारिश के पानी में सड़ रहे कचरे से दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है और अब तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई विशेष मेडिकल कैंप भी नहीं लगाया गया है।
नागरिकों ने नगर निगम से सभी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने, प्रतिदिन फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराने तथा जलजमाव वाले स्थानों से शीघ्र पानी निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि संभावित बीमारियों के खतरे को समय रहते रोका जा सके।

