जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय के एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा तिथि घोषित नहीं होने से छात्रों की चिंता बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) की सिंहभूम इकाई ने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा कार्यक्रम जल्द जारी करने की मांग की है।


AISF का कहना है कि एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक परीक्षा तिथि घोषित नहीं की गई है। इससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उनके भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
संगठन के राज्य उपाध्यक्ष मुकेश रजक ने कहा कि परीक्षा कार्यक्रम में हो रही देरी के कारण छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि 15 अगस्त 2026 तक परीक्षा तिथि की आधिकारिक घोषणा की जाए, ताकि छात्र अपनी तैयारी समय पर पूरी कर सकें और परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो।
AISF ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किया गया, तो छात्र हित में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन ने विश्वविद्यालय से छात्रों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए लंबित परीक्षा कार्यक्रम शीघ्र जारी करने और शैक्षणिक सत्र को नियमित करने की अपील की है।

