सरायकेला में SIR-2026 के तहत प्रारूप मतदाता सूची जारी, 4 सितंबर तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति

Spread the love

सरायकेला: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सरायकेला-खरसावां जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत बुधवार को जिले की तीनों विधानसभा सीटों—50 ईचागढ़, 51 सरायकेला (अ.ज.जा.) और 57 खरसावां (अ.ज.जा.)—की प्रारूप मतदाता सूची आधिकारिक रूप से प्रकाशित कर दी गई। संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों ने सभी निर्धारित मतदान केंद्रों एवं सार्वजनिक स्थानों पर फॉर्म-5 के माध्यम से मतदाता सूची प्रदर्शित की है, ताकि आम नागरिक इसका अवलोकन कर सकें।

जिला प्रशासन के अनुसार जिले में कुल 7,67,613 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें 3,84,834 पुरुष, 3,81,919 महिला और 10 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार ईचागढ़ में 2,56,155, सरायकेला में 3,02,716 तथा खरसावां में 2,08,742 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

प्रारूप सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। इन आवेदनों का निस्तारण 3 अक्टूबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी। इसके अलावा, 1 अप्रैल, 1 जुलाई या 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फॉर्म-6 के माध्यम से नया मतदाता पंजीकरण करा सकते हैं।

उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नितीश कुमार सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांचें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो या नाम दर्ज न हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराकर समय रहते आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें।