रांची: झारखंड में अगले दो दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।


मौसम विभाग के अनुसार 6 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, गुमला, रांची और खूंटी जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 7 अगस्त को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, गुमला और खूंटी में भी भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के लगभग सभी जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं की भी चेतावनी दी गई है।
पिछले 24 घंटों में जामताड़ा के फतेहपुर में सर्वाधिक 110 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि रामगढ़ और पतरातू में 92 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार 8 से 10 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन गरज-चमक और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है। विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

