रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के समापन के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना और अनशन पर बैठे छात्रों की मांग पूरे राज्य के युवाओं की आवाज है।


बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि JSSC संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा, विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं, उत्पाद सिपाही भर्ती और JPSC की नियुक्तियों में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने मांग की कि जिन परीक्षाओं पर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं, उन्हें तत्काल रद्द किया जाए और पूरे मामले में जवाबदेही तय की जाए।
उन्होंने JPSC और JSSC के अध्यक्ष, सदस्य, सचिव और परीक्षा नियंत्रक जैसे जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पूरे मामले की CBI से निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई।
मरांडी ने CID की जांच की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जांच अधिकारियों में बदलाव से संदेह पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

