सरायकेला: कोल्हान और सारंडा के जंगलों में लंबे समय से सक्रिय माओवादी संगठन को पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बड़ा झटका लगा है। विशेष अभियान के दौरान कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से संगठन के नेटवर्क और गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा।


गिरफ्तार नक्सलियों में मदन महतो उर्फ शंकर (15 लाख रुपये का इनाम), बारिन सिंह उर्फ सागर (5 लाख रुपये का इनाम) और मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया (2 लाख रुपये का इनाम) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मदन महतो पिछले करीब 25 वर्षों से माओवादी गतिविधियों में सक्रिय था और उसके खिलाफ झारखंड तथा पश्चिम बंगाल में 41 से अधिक मामले दर्ज हैं। बारिन सिंह संगठन की रणनीतिक गतिविधियों और कैडरों के प्रशिक्षण से जुड़ा था, जबकि मीना पहाड़िया विस्फोटक तैयार करने और आईईडी व लैंडमाइन लगाने में विशेषज्ञ मानी जाती थी।
संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने AK-47, INSAS राइफल, पिस्टल, कॉर्डेक्स वायर और लगभग 250 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामद हथियारों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। एसपी ने बताया कि पूछताछ में एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश से जुड़े नेटवर्क की जानकारी मिली है। इस आधार पर आने वाले दिनों में नक्सल विरोधी अभियान को और तेज किया जाएगा।

