मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 58 हाईटेक मिनी फायर टेंडर को दिखाई हरी झंडी, झारखंड की अग्निशमन सेवा हुई मजबूत

Spread the love

रांची: झारखंड की अग्निशमन सेवा को गुरुवार को बड़ी मजबूती मिली। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धुर्वा स्थित गृह रक्षा वाहिनी परिसर से मिस्ट टेक्नोलॉजी से लैस 58 हाईटेक मिनी वाटर टेंडर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन आधुनिक अग्निशमन वाहनों को राज्य के विभिन्न जिलों के फायर स्टेशनों पर तैनात किया जाएगा, ताकि आग लगने की घटनाओं पर तेजी से नियंत्रण पाया जा सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नए वाहनों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से उनकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में गृह सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा, डीजी एम. एस. भाटिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

डीजी एम. एस. भाटिया ने बताया कि छोटे आकार और आधुनिक तकनीक से लैस ये मिनी फायर टेंडर संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे आग लगने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य पहले की तुलना में अधिक तेज और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि अग्निशमन कर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सुरक्षा करते हैं, इसलिए उन्हें आधुनिक संसाधनों से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन 58 नए वाहनों के शामिल होने से राज्य की अग्निशमन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।