बोकारो में 82 वर्षीय बुजुर्ग साइबर ठगी के शिकार, ₹7.65 लाख की धोखाधड़ी में ₹7 लाख से अधिक राशि वापस

Spread the love

बोकारो: चास थाना क्षेत्र की गुजरात कॉलोनी निवासी 82 वर्षीय नरेंद्र कुमार सिन्हा साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने खुद को HDFC बैंक का अधिकारी बताकर व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से संपर्क किया और क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया।

बातचीत के दौरान ठगों ने बुजुर्ग से व्हाट्सऐप पर केवल “HI” भेजने को कहा। जैसे ही उन्होंने संदेश भेजा, उनका मोबाइल फोन कथित रूप से हैक हो गया। इसके बाद महज दो घंटे के भीतर उनके बैंक खाते और HDFC तथा ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड से कुल 7.65 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और संबंधित बैंकों के सहयोग से कार्रवाई करते हुए 40 दिनों के भीतर 7 लाख रुपये से अधिक की राशि पीड़ित के खाते में वापस दिलाई। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

डीएसपी पवन कुमार ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या व्हाट्सऐप संदेश पर भरोसा न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर थाना या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान कम किया जा सके।