सिमडेगा: जिले में प्रतिबंधित पशुओं की कथित तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलेबिरा थाना क्षेत्र में 12 मवेशियों से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोतरे को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से दो पिकअप वाहनों में मवेशियों को लेकर तस्करी की जा रही है। सूचना की पुष्टि होने के बाद एसपी के निर्देश पर कोलेबिरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें 12 मवेशी बरामद हुए। इसके बाद वाहन को जब्त कर उसमें सवार वसीम मीर और दिलशेर खान को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान एक अन्य संदिग्ध पिकअप वाहन अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

