सरायकेला-खरसावां: गम्हरिया थाना क्षेत्र के टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे हुए सड़क हादसे में कई लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक स्कूटी चालक अचानक सड़क पर आए सांड से टकरा गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ऑटो चालक ने स्कूटी सवार को बचाने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।


हादसे के समय ऑटो में चालक सहित छह महिलाएं सवार थीं। दुर्घटना में सभी को चोटें आईं, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही गम्हरिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज चिकित्सकीय निगरानी में जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़कों पर आवारा मवेशियों की बढ़ती समस्या पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सड़क पर खुलेआम घूम रहे पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने और सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

