मानगो में टाइल्स गैलरी में चोरी, एसी की कॉपर पाइप और जेनरेटर की बैटरी ले उड़ा चोर, CCTV में कैद वारदात

Spread the love

जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र में एनएच-33 किनारे संचालित एक टाइल्स गैलरी में बुधवार देर रात चोरी की घटना सामने आई है। चोर दुकान परिसर में घुसकर एसी की कॉपर पाइप और जेनरेटर की बैटरी चोरी कर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

दुकान संचालक मोहित शाह गुरुवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि एसी की कॉपर पाइप कटी हुई है। जांच करने पर पता चला कि जेनरेटर की बैटरी भी गायब है। इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति दुकान परिसर में प्रवेश कर चोरी करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

दुकान संचालक के अनुसार, चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।