रांची: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच भाजपा ने राज्य सरकार और कांग्रेस पर एक बार फिर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने गुरुवार को दिल्ली में कहा कि झारखंड के हजारों छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इस पूरे मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है।


आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस झारखंड की गठबंधन सरकार का हिस्सा है, इसलिए छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर उसकी भी समान जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 के बाद हुई कई भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोप लगे, लेकिन सरकार ने इन मामलों में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने JPSC, JSSC सहित सभी विवादित भर्ती परीक्षाओं की CBI से जांच कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में छात्रों के हित में है तो उसे भी CBI जांच की मांग का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी झारखंड के आंदोलनरत छात्रों से मिलने की अपील की।
आदित्य साहू ने यह भी दावा किया कि धरनास्थल पर छात्रों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से छात्रों की मांगों के समर्थन में रही है और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

