वायरल संक्रमण से बीमार पड़े सरयू राय, अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जाना हालचाल

Spread the love

रांची: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय वायरल संक्रमण और अत्यधिक थकान के कारण रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। उनके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलते ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी स्वयं अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली और सरयू राय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

सरयू राय ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वे लगातार सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों में व्यस्त थे। लगातार दौरे और व्यस्त दिनचर्या के कारण शरीर में अत्यधिक थकान हो गई। रांची पहुंचने के बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्होंने चिकित्सकीय सलाह लेने का निर्णय लिया।

डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आवश्यक जांच के बाद कुछ दिनों तक निगरानी में रखने की सलाह दी। अस्पताल में दो दिनों से उनका उपचार जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति पहले से बेहतर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।

सरयू राय ने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों से अस्पताल नहीं आने की अपील करते हुए कहा कि पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद वे जल्द ही अपने नियमित कार्यों में लौटेंगे।