जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-2 में निर्माणाधीन मकान से ईंट का टुकड़ा गिरने से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कदमा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर मकान मालिक पर लापरवाही बरतने और घायल के इलाज में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। शिकायत में निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-2 निवासी रोजा खातून के मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान ऊपर से ईंट का एक टुकड़ा गिरकर शिमसुद्दीन उर्फ कल्लू के सिर पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों का आरोप है कि घटना के कई दिन बाद भी घायल का समुचित इलाज नहीं कराया गया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने मकान मालिक से घायल का उपचार कराने का अनुरोध किया, लेकिन इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई। इसके बाद लोगों ने सामूहिक रूप से कदमा थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
शिकायत में घायल युवक का बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने, निर्माण कार्य में बरती गई कथित लापरवाही की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस को आवेदन सौंप दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा है।

