सरायकेला: आदित्यपुर में शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे सेंट्रल पब्लिक स्कूल (CPS) के छात्रों को लेकर जा रहा एक स्कूली टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कुल 13 छात्र घायल हो गए, जिनमें से दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना मगध सम्राट अस्पताल के पास, स्कूल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई। बताया जा रहा है कि टेम्पो तेज रफ्तार में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिससे वह पलट गया। घायल छात्रों में कक्षा 7वीं, 9वीं और 10वीं के विद्यार्थी शामिल हैं।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का कारण चालक की तेज गति और कथित रूप से नशे की हालत में वाहन चलाना बताया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।