10 दिनों से कचरा उठाव ठप, आदित्यपुर नगर निगम पर उठे सवाल, महामारी की आशंका

Spread the love

सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में पिछले करीब 10 दिनों से कचरा उठाव पूरी तरह बंद होने के कारण शहर के कई इलाकों में गंदगी का अंबार लग गया है। लगातार हो रही बारिश के बीच सड़कों और मोहल्लों में जमा कचरे से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि नगर निगम अपने मूल दायित्व साफ-सफाई की अनदेखी कर रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ते जा रहे हैं।

क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं पीआईएल विशेषज्ञ अधिवक्ता ओम प्रकाश ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि कचरा उठाव ठप रहने से पूरे शहर में दुर्गंध फैल रही है और बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया व अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।

उन्होंने नगर निगम प्रशासन से अविलंब कचरा उठाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि संभावित महामारी जैसी स्थिति से बचा जा सके। स्थानीय नागरिकों ने भी नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करने और शहर को स्वच्छ रखने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।